गया: नक्सलियों द्वारा पूर्व से आहूत 10 मार्च को किए गए बंद का असर गया जिले में देखने को मिला है। बिहार के गया जिले के गुरारू रेलवे स्टेशन के समीप पटरी पर बम मिला है। बम मिलने की सूचना के बाद आस-पास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही गया-पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलवे स्टेशन के अप और डाउन रेल लाइन पर ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह से रोक दिया गया है। बिहार पुलिस व रेल पुलिस घटना स्थल पर पहुंचा कर जांच रही है। डॉग स्क्वायड व बम निरोधक दस्ता को भी घटना स्थल के लिए रवाना कर दिया गया है।
इस संबंध में ग्रामीण एसपी मनीष कुमार ने बताया कि गुरारू रेलवे स्टेशन के समीप बम मिलने की सूचना प्राप्त हुई है। पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। आगे की कार्रवाई जारी है। बंदी को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह एलर्ट है।






