आयुष चिकित्सकों को टार्गेट किये जाने पर नीमा ने जताई नाराजगी
मोतिहारी जिले में अवैध चिकित्सकीय संस्थानों के विरुद्ध चल रही छापेमारी की जद में दूसरे चिकित्सक भी आ रहे हैं। जिसपर विभिन्न चिकित्सक संगठनों में नाराजगी व्यक्त की है। इसी कड़ी में गुरुवार को नेशनल इंटीग्रेटेड मेडिकल एसोसिएशन(नीमा) संगठन ने स्थानीय एक होटल में पत्रकार वार्ता कर स्वास्थ्य विभाग की पूरी कार्रवाई पर सवाल खड़ा करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की है। संगठन के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से बताया कि क्लिनिक और जांचघर के जांच के नाम पर सबसे ज्यादा आयुष चिकित्सकों को तंग किया जा रहा है। जबकि कोरोना काल मे सबसे ज्यादा आयुष चिकित्सकों ने ही मरीजों की सेवा की है। संगठन के पदाधिकारियों ने साफ कहा कि अगर आगे इसी तरह से आयुष चिकित्सकों का भयादोहन किया जाता रहा तो आयुष चिकित्सक चरणबद्ध आंदोलन को बाध्य होंगे। मौके पर अध्यक्ष डॉ एमयू अख्तर, डॉ खालिद अख्तर, डॉ फैशल परवाज खान, डॉ शमिमुल हक, डॉ तनवीर आलम, डॉ रजनीश, डॉ राजीव रंजन चौरसिया, डॉ इकबाल आदि उपस्थित थे।






