Loading

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज पटना म्यूजियम जाकर वहां विस्तारीकरण तथा उन्नयनीकरण कार्य का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।

Share this post:-

पटना, 08 फरवरी 2023 :- मुख्यमंत्री ने पटना म्यूजियम के विस्तारीकरण को लेकर जो कार्य किए जा रहे हैं उसकी प्रगति के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने ऑडिटोरियम, पाथ-वे, गंगा गैलरी, पाटली गैलरी आदि के निर्माण कार्य को देखा।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पटना म्यूजियम का विस्तारीकरण और उन्नयनीकरण का कार्य जल्द से जल्द पूरा करें। कार्य पूर्ण होने के बाद बिहार म्यूजियम की तरह ही पटना म्यूजियम भी अंतरराष्ट्रीय स्तर का होगा और यह देखने में काफी सुंदर लगेगा। इसके बन जाने के बाद बिहार के गौरवशाली इतिहास को नई पीढ़ी और बेहतर ढंग से जानेगी और समझेगी। पटना म्यूजियम और बिहार म्यूजियम को आपस में इंटरकनेक्ट किया जा रहा है ताकि जो भी लोग यहां पर आएंगे वे दोनों संग्रहालय जाकर वहां के प्रदशों को आसानी से देख सकते हैं और कई प्रकार की जानकारियां प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सभी प्रदशों के बारे में हिंदी और अंग्रेजी में बड़े अक्षरों में लिखवा दें और उससे संबंधित बातें भी बेहतर ढंग से लिखवा दें ताकि लोग उसे ठीक से पढ़कर समझ सकें। हम छात्र जीवन से ही पटना म्यूजियम आते रहे हैं। उन्होंने कहा कि गंगा गैलरी बन जाए तो यहां पर एक पात्र में गंगाजल रखवाने की भी व्यवस्था करें। पाटली दीर्घा में पाटलिपुत्र के ऐतिहासिक और पौराणिक चीजों को रखवाएं। उन्होंने कहा कि यहां पर सोलर प्लेट भी लगवाएं ताकि सौर ऊर्जा से भी बिजली की आपूर्ति हो सके। मुख्यमंत्री ने पटना म्यूजियम के परिसर में किए जा रहे खुदाई कार्य का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि खुदाई कार्य और तेजी से एवं बेहतर ढंग से कराएं। खुदाई कार्य से जो सामग्री मिलेगी उससे बिहार के पौराणिक इतिहास के बारे में जानकारी मिलेगी।

पटना म्यूजियम का निरीक्षण करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हम पटना म्यूजियम में स्टूडेंट लाइफ के समय से ही आते रहे हैं। बाद के दिनों में जब बिहार में काम करने का मौका मिला तो हमने तय किया कि पटना म्यूजियम का विस्तार करेंगे। हमने अंतरराष्ट्रीय स्तर का बिहार म्यूजियम बनवाया। बिहार म्यूजियम की तरह देश में ऐसा कोई दूसरा म्यूजियम नहीं है। पटना म्यूजियम का भी विस्तार किया जा रहा है। इस म्यूजियम में भी सभी चीजों को सुरक्षित रखा जायेगा। यह बहुत ही पौराणिक स्थल है। इसके लेकर मुझे जानकारी मिली तो हमने कहा कि इसका विकास करना जरुरी है। इसके विकास का काम चल रहा है। हमने इसी साल तक सभी कार्यों को पूरा करने का निर्देश दिया है। काफी संख्या में लोग बिहार म्यूजियम देखने आते हैं, उनको जब पता चलेगा कि पटना म्यूजियम में भी काफी कुछ देखने लायक हैं तो वे लोग यहां भी आयेंगे। इससे इसकी पहचान बनेगी। हमलोग चाहते हैं कि पटना म्यूजियम के विस्तार का काम भी जल्दी जाये। इसी को लेकर हमलोग आज पटना म्यूजियम का निरीक्षण करने आये हैं।

Related Posts -